छाल रोड पर दोपहर करीब 12:40 बजे हुआ हादसा, 112 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया

घरघोड़ा (रायगढ़)। घरघोड़ा नगर में भारी वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही अब आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। गुरुवार, 12 नवंबर को छाल रोड स्थित मिशन स्कूल के पास दोपहर करीब 12:40 बजे एक सड़क हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, एक भारी वाहन और बाइक के बीच टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल युवक को तत्काल डायल 112 की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा भेजा गया।
इस हादसे ने एक बार फिर घरघोड़ा नगर की यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जाता है कि नगर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, इसके बावजूद दिनभर भारी वाहन नगर के भीतर से गुजरते नजर आते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब नगर में भारी वाहनों का प्रवेश निषेध है, तो आखिर ये वाहन बेधड़क नगर के भीतर कैसे प्रवेश कर रहे हैं? क्या संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है?
नगर के व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही से स्कूली बच्चों, राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों की जान जोखिम में बनी हुई है। मिशन स्कूल के पास हुई यह घटना यातायात नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल खड़े करती है। नगर में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? घरघोड़ा पुलिस की निगरानी और यातायात नियंत्रण व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। आखिर प्रशासन किसी बड़ी जनहानि का इंतजार क्यों कर रहा है? क्या घरघोड़ा की सड़कों पर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब कोई ठोस कदम उठाया जाएगा?

