रायगढ़, 5 अक्टूबर। जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत के चार चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए हैं।
मामले के अनुसार, घरघोड़ा निवासी सुनील शर्मा ने 19 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर की दोपहर उसके घर के सामने खड़ी टीवीएस जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG-13-AV-9139 चोरी हो गई है। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 292/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान 3 अक्टूबर को घरघोड़ा क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की गई टीवीएस जुपिटर स्कूटी पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान मिलन दास महंत, हरिशंकर महंत और कन्हैया दास महंत के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार मिलन दास महंत का छोटा भाई हरिशंकर महंत मोटरसाइकिल मैकेनिक है, जबकि कन्हैया दास महंत उनका रिश्तेदार है और सक्ती क्षेत्र में ड्रायवरी का काम करता है। वाहनों और उनके कल-पुर्जों की जानकारी का फायदा उठाकर तीनों ने दुपहिया वाहन चोरी कर उन्हें बेचने की योजना बनाई थी।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मई 2026 में छाल के बरभौना चौक के पास से एक एन.एक्स.जी. मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। इसके बाद करीब तीन माह पूर्व घरघोड़ा के नवापारा चौक से चाबी लगी हालत में खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की गई। करीब दो माह पूर्व छाल के बोजिया स्थित मस्जिद के पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस और एन.एक्स.जी. मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की। इसके बाद 18 सितंबर को घरघोड़ा से टीवीएस जुपिटर स्कूटी चोरी की गई।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को तीनों आरोपी इसी चोरी की स्कूटी पर सवार होकर क्षेत्र में एक और वाहन चोरी की तलाश में घूम रहे थे। इसी दौरान वाहन जांच में पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक बुलेट, एक टीवीएस जुपिटर, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस और एक एन.एक्स.जी. मोटरसाइकिल, कुल चार चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद बुलेट के संबंध में जांच करने पर उसके चोरी होने का मामला थाना सुपेला, दुर्ग में भी दर्ज पाया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।

